फोटो-27-रश्मि अवस्थी (फाइल फोटो)।
सफीपुर। आसीवन थानाक्षेत्र के अटिया गांव में रविवार शाम रसोईघर में महिला का शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। वहीं महिला के पिता ने दामाद पर दूसरी औरत से संबंध होने की बात कहकर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है।
अटिया गांव निवासी विमल अवस्थी की पत्नी रश्मि (40) कस्बा रसूलाबाद के मोहल्ला बेगमनगर में घर बनाकर रह रही थी। रविवार शाम तीन बजे रश्मि का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। चौकी प्रभारी रसूलाबाद जयप्रकाश यादव ने घटनास्थल पर पहुंच जांच की। बेटी की मौत पर बिहार थानाक्षेत्र के कुकरी गांव निवासी पिता श्रीराम शुक्ल ने दामाद पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया।
बताया कि दामाद के किसी दूसरी औरत से संबंध हैं। उसी ने बेटी की हत्या कर शव फंदे से लटकाया है। रश्मि का बेटा शानू कानपुर में रहकर पढ़ाई करता है। आसीवन थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि घटना में जांच की गई है। अभी लिखित में कोई शिकायत नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।