संवाद न्यूज एजेंसी
हसनगंज (उन्नाव)। रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में पति के साथ जा रही बाइक सवार महिला, डंपर को ओवरटेक करते समय झटका लगने से बाइक से गिर गई। आगे चल रहे डंपर से उसकी कुचलकर मौत हो गई। चालक मौके से डंपर छोड़कर भाग निकला।
लखनऊ जिले के थाना बंथरा के गांव दादूपुर निवासी श्रवण मौर्य के हसनापुर गांव रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में बुधवार सुबह पत्नी नीतू (30) के साथ जा रहे थे। करीब नौ बजे मोहान-औरास मार्ग पर हरौनी समसुद्दीनपुर गांव के पास आगे चल रहे मौरंग लदे डंपर को ओवरटेक करने के दौरान तेज झटका लगने से बाइक में बैठी नीतू चलती बाइक से गिर गई और डंपर के पहिये की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
पति ने पुलिस की मदद से उसे सीएचसी पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से करीब सौ मीटर आगे, चालक डंपर छोड़कर भाग गया। मृतक के दो बच्चे नितिन और निमिता बेहाल हैं। प्रभारी निरीक्षक राजेश्वर त्रिपाठी ने बताया कि घटना में महिला की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। डंपर कब्जे में है, तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।