गंजमुरादाबाद। रहस्यमय हालात में लापता हुई जिस महिला की हत्या की ससुरालियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, वह दो माह बाद जीवित हालत में घर पहुंच गई। पिता की सूचना पर पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो उसने पुरुष मित्र के साथ चले जाने की जानकारी दी।
थाना बेहटामुजावर के ग्राम जटपुर बेल्थरा निवासी गुरुदयाल ने शादीशुदा होने के बावजूद तीन वर्ष पहले गांव की पुष्पादेवी से शादी कर ली थी। वह दोनों पत्नियों के साथ घर में रहने लगा। नवंबर 2020 मेें पुष्पा देवी घर से लापता हो गई। पुष्पा के पिता महिपाल ने गुरुदयाल समेत ससुराल के अन्य लोगाें पर बेटी की हत्या कर शव गायब कर देने की तहरीर दी थी। पुलिस के रिपोर्ट दर्ज न करने पर उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर 28 नवंबर को गुरुदयाल समेत ससुराल के अन्य लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने पूछताछ के बाद कोई साक्ष्य हाथ न लगने पर सभी को छोड़ दिया था। शनिवार को पुष्पा अचानक महिपाल के घर पहुंच गई। पुष्पा को देख पिता सन्न रह गया। उसने बेटी के घर पहुंचने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने पिता-पुत्री को थाने बुलाकर पूछताछ की। एसओ अजय राज वर्मा ने बताया कि पुष्पा दो माह पूर्व एक युवक के साथ चली गई थी। उसके लौटने पर हत्या की रिपोर्ट खारिज की गई है।