उन्नाव। सिविल लाइन चौकी में तैनात दो सिपाहियों से पूरननगर मोहल्ला स्थित काली माता मंदिर के पास मंगलवार की रात दाे युवकों को रुकने के लिए कहा। भागने पर सिपाहियों ने पीछा किया तो उनसे मारपीट का प्रयास किया। एक युवक ने फायरिंग भी की। हालांकि कोतवाल मारपीट की घटना से इन्कार कर रहे हैं। फायरिंग की बात बताई। एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, दूसरा भाग निकला।
सदर कोतवाली के सिविल लाइन चौकी में तैनात सिपाही अक्षय गोस्वामी और संदीप मंगलवार रात गश्त पर निकले थे। पूरननगर मोहल्ले में मंदिर के पास उनकी मुलाकात बंदूहार मोहल्ला निवासी अंकुर रावत और उकने साथी सनी से हुई। सिपाहियों ने उन्हें रुकने के लिए कहा तो दोनों ने हाथापाई का प्रयास किया। इसमें अंकुर ने बचने के लिए तमंचे से एक फायर भी किया, इस बीच सनी मौके से भाग निकला। सिपाहियों ने अंकुर को मौके से पकड़ा और कोतवाली लाए। चर्चा है कि पकड़े गए दोनों युवक गांजा बेचने का भी काम करते हैं। उसी मामले में सिपाहियों से बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा था।
कोतवाल संजीव कुशवाहा ने बताया कि सिपाही गश्त पर थे, तभी इन दोनों को रुकने के लिए कहा तो अंकुर ने फायरिंग की। उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। बताया कि दोनों मोबाइल लूट भी करते हैं। मारपीट और गांजा बिक्री की बात से इन्कार किया है।