उन्नाव। कोराना संक्रमण से खुद के बचने के साथ दूसरों को बचाने के लिए घर से बाहर निकलने पर मास्क लगाना बहुत जरूरी है। कोरोना वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति के संपर्क में आने से आसानी से फैलता है। मास्क पहनने से किसी संक्रमित व्यक्ति से हवा में मौजूद थूक की बूंदों के माध्यम से कोरोना वायरस के श्वसन तंत्र में प्रवेश करने की संभावना कम हो जाती है। इसलिए सही तरह से मास्क पहनकर इस वायरस से बचा जा सकता है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार मास्क तभी प्रभावी होते हैं जब उन्हें इस्तेमाल करने के साथ-साथ बार-बार अल्कोहल वाले हैंड रब, साबुन व पानी से हाथों को धोया जाए। मास्क ऐसा हो जो मुंह, नाक और ठुड्डी को पूरी तरह ढक ले। कहीं बीच में खाली जगह न हो। मास्क को उल्टा करके दुबारा उपयोग न करें। सार्वजनिक स्थानों पर हर समय दूसरे व्यक्ति से दो गज की दूरी बनाकर चलें। हाथों को अच्छी तरह से धोएं और चेहरे को बार बार न छुएं।
सीएमएस डॉ. बीबी भट्ट ने बताया कि मास्क हटाते समय डोरी पकड़कर निकालें। मास्क हटाने के बाद किसी भी सतह को न छुएं और उसे इधर-उधर न रखें। उसे पानी के घोल में डालें और हाथों को कम से कम 40 सेंकें ड तक अच्छी तरह से धोएं। मास्क को नमक मिले पानी में डालें और कम से कम 10 मिनट तक उबलने दें। बाद में उसे सुखाकर इस्तेमाल करें। इससे कोरोना संक्रमण से बचा जा सकता है।