संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। मार्ग दुर्घटना में घायल ग्राम पंचायत सचिव की लखनऊ के राममनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पांच दिन पहले वह ई-रिक्शा की टक्कर से घायल हुए थे। कोमा में जाने से उनकी हालत में सुधार नहीं हो रहा था। मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजन गमगीन हो गए।
शहर के मोहल्ला एबीनगर दक्षिणी निवासी राजेंद्र कुमार विमल (46) पुरवा ब्लॉक में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात थे। 23 जून की रात करीब 9:30 बजे खाना खाने के बाद वह घर के बाहर सड़क पर टहल रहे थे। इसी दौरान ई-रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी थी। सिर के बल गिरने से गंभीर चोट आई और वह कोमा में चले गए थे। लखनऊ के राममनोहर लोहिया अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। पति की मौत पर पत्नी बेबी, बेटा रोहन, बेटी माही और 95 साल की मां चंद्रकला देवी रो, रोकर बेहाल हैं।