उन्नाव जिले में सड़क हादसे में घायल ग्राम विकास अधिकारी की लखनऊ राम मनोहर लोहिया में इलाज के दौरान मौत हो गई। पांच दिन पहले वह ई-रिक्शा की टक्कर से घायल हुए थे। कोमा में जाने से उनकी हालत में सुधार नहीं हो रहा था। मौत की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया।
शहर के मोहल्ला एबी नगर दक्षिणी निवासी राजेंद्र कुमार विमल (46) पुरवा ब्लाक में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात थे। 23 मई की रात खाना खाने के बाद वह घर के बाहर सड़क पर टहल रहे थे। तभी ई-रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी थी। सिर के बल गिरने से गंभीर चोट आई और वह कोमा में चले गए थे।
लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब 5:00 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। पति की मौत पर पत्नी बेबी, बेटा रोहन, बेटी माही और 95 साल की उनकी मां बेहाल हैं।