उन्नाव में कुलदीप सेंगर प्रकरण में दुष्कर्म पीड़िता के चाचा के खिलाफ विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन छह मुकदमों में सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेशी हुई। चाचा दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। वकीलों की हड़ताल होने से सभी मुकदमों की सुनवाई के लिए 14 फरवरी की तारीख तय की गई है।
सीजेएम विराट सक्सेना के न्यायालय में चल रहे न्यायिक अभिलेखों में सफेदा (व्हाइटनर) लगाने के प्रकरण मामले के साथ एसीजेएम तृतीय प्रमोद कुमार के न्यायालय में विचाराधीन पीड़िता के उम्र संबंधी फर्जी प्रपत्र, सीबीआई के गवाह की मौत के बाद उसे जहर देकर मारने की झूठी सूचना पर पुलिस को कब्र खुदवाने, फर्जी टीसी प्रकरण व दुष्कर्म पीड़िता के चाचा व उसकी पत्नी पर 1 नवंबर 2017 को विधायक पक्ष द्वारा माखी थाने में अवैध वसूली, आपत्तिजनक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में मानहानि की रिपोर्ट के मामले के साथ न्यायिक मजिस्ट्रेट शमीना जमील के न्यायालय में पीड़िता के चाचा व उनकी पत्नी (अब मृत) पर दर्ज मानहानि के मुकदमे की वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेशी हुई लेकिन वकीलों की हड़ताल के चलते इन सभी मामलों की अगली सुनवाई के लिए 14 फरवरी की तिथि दी गई है।