मौरावा में निर्माणाधीन सड़क में कीचड़ होने से लगे जाम में फसे वाहन।
- फोटो : UNNAO
मौरावां(उन्नाव)। कस्बे की सड़क निर्माणाधीन होने से वाहन गड्ढों में फंस गए और बछरावां-मोहनलालगंज जाने वाले मार्ग पर जाम लग गया। रोडवेज के साथ अन्य छोटे बड़े वाहन आ जाने से जाम लंबा लगता चला गया। स्थिति यह हो गई कि बाइक सवारों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने का प्रयास किया। जाम खुलवाने में पुलिस को करीब दो घंटे पसीना बहाना पड़ा।
पुरवा मौरावां होते हुए बछरावा जाने वाला मार्ग पर आएदिन वाहन फंसते रहते हैं। इस समय सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। वाहन सवारों को पहले से ही निकलने में दिक्कतें आ रही थीं। सोमवार को सवारियां लेकर आ रही रोडवेज बस गड्ढे में फंस गई। इससे बस फंसने से आगे पीछे से गुजर रहे अन्य वाहन भी जहां के तहां ठप हो गए। कुछ ही देर में मौरावां-बछरावां मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया। पहले छोटे वाहनों को निकलवाया गया। इन वाहनों को निकलवाने में पुलिस को करीब आधे घंटे लग गए। उसके बाद रोडवेज बस व अन्य बड़े वाहन जो फंसे उन्हें निकाला गया। इस दौरान करीब जाम खुलवाने में करीब दो घंटे का समय लग गया। इस दौरान जाम में फंसे लोग परेशान रहे।
मौरावां थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क बनाने का काम चल रहा है। इससे वाहन फंस गए थे। उन्हें निकलवाकर जाम खुलवा दिया गया है।