उन्नाव। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे पर वाहन 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से सुरक्षित तरीके से चल सकेंगे। बिना बाधा चाल और समय की बचत के बदले वाहन स्वामियों को इसकी कीमत भी अदा करनी होगी। लखनऊ-कानपुर हाईवे की अपेक्षा इस एक्सप्रेसवे पर करीब 25 प्रतिशत अधिक टोल टैक्स चुकाना होगा। प्रोजेक्ट मैनेजर का कहना कि अभी तो यह महज प्रस्ताव है, एक्सप्रेसवे पर यातायात चालू होने की स्थिति में ही एनएचएआई मुख्यालय से अनुमति मिलेगी। हाईवे से लखनऊ से कानपुर सफर करने पर एक तरफ का टोल टैक्स 100 रुपये लिया जाता है, लेकिन एक्सप्रेसवे से सफर करने पर 125 रुपये चुकाने होंगे। लखनऊ कानपुर हाईवे पर टोल एजेंसी रोजाना करीब 40 लाख रुपये टोल टैक्स जमा होता है। इस तरह से अगर इतने ही वाहन एक्सप्रेसवे से निकलेंगे तो रोज की औसत आमदनी 60 लाख रुपये होगी। पीएनसी के प्रोजेक्ट मैनेजर उदित जैन ने बताया कि उन्नाव के आजाद मार्ग से बनी (लखनऊ) तक जिस दिन से एक्सप्रेसवे पर यातायात चालू हो जाएगा उसी दिन से टोल टैक्स शुरू हो जाएगा। 63 किमी के दायरे में पांच टोल टैक्स बूथ बनने का प्रस्ताव भेजा गया है। उन्नाव में तीन टोल टैक्स बैरियर आएंगे इनमें पहले एक्सप्रेसवे के इंट्री प्वाइंट आजाद मार्ग चौराहा, दूसरा बंथर के पास और तीसरा टोल लखनऊ सीमा पर बनी के पास है।
एक्सप्रेसवे पर यह होंगी सुविधाएं
इस एक्सप्रेसवे पर के टोल बूथों पर यात्री सुविधाएं भी होंगी। इनमें पेट्रोल पंप, इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग प्वाइंट, एंबुलेंस, प्रसाधन और सुरक्षा व्यवस्था।
-