नवाबगंज। पिकअप में आगे की सीट पर बैठने को लेकर सब्जी व्यापारियों में मारपीट हो गई। मारपीट में घायल हुए चचेरे भाइयों ने गांव के ही सब्जी व्यापारियों पर लूट का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के गांव भगंवतपुर निवासी रविकांत पुत्र रामआसरे सब्जी व्यापारी है। बुधवार को वह चचेरे भाई शिवम के साथ लखनऊ सब्जी बेचने गया था। बुधवार देर रात दोनों लखनऊ से वापस गांव लौट रहे थे। साथ में उनके गांव के ही कई अन्य सब्जी व्यापारी भी थे। रविकांत का आरोप है कि लखनऊ में पिकअप में आगे की सीट पर बैठने को लेकर उनका गांव के कुछ सब्जी व्यापारियों से विवाद हो गया। जिस पर कुछ लोगों ने मामला शांत करा दिया। जब वह नवाबगंज पहुंचा तो आरोपियों ने उन्हें रोका और दोबारा पीटा। इस दौरान उन्होंने 12 हजार रुपये, सोने की चेन व अंगूठी छीन ली। चौकी इंचार्ज हरिमोहन सिंह ने बताया कि मामला मारपीट का है। तहरीर लेकर जांच की जा रही है।