अजगैन/नवाबगंज। ग्रामीण स्वच्छता मिशन के तहत शौचालय की मांग करने विकासखंड नवाबगंज कार्यालय आए एक 65 वर्षीय वृद्ध के साथ ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ने मारपीट की। उस समय बीडीओ अपने कार्यालय के अंदर ही थी। वहीं, वीडीओ का कहना है कि बुजुर्ग ने ही पहले जूता उतारकर मारने का प्रयास किया था।
नवाबगंज विकासखंड के गांव बिरसिंहपुर निवासी 65 वर्षीय वृद्ध गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे ब्लाक मुख्यालय आए थे। वृद्ध का कहना है कि यहां उसने वीडीओ से अपने घर में सरकारी अनुदान से एक शौचालय बनाने की स्वीकृति और सरकारी अनुदान दिलाने की बात की। इससे वह भड़क गए।
वृद्ध का आरोप है कि वीडीओ ने उसके साथ मारपीट की। बताया कि करीब चार माह पूर्व बैंक में खाता खोलने के लिए जब वह वीडीओ के पास राशनकार्ड सत्यापन के लिए आया था तब उन्होंने सुविधाशुल्क के नाम पर 100 रुपये लिए थे। इसकी उसने कई लोगों से चर्चा कर दी थी। इससे वह नाराज थे।
वहीं वीडीओ ने सुविधाशुल्क लेने के आरोप से इंकार किया है। उनके मुताबिक वृद्ध अपना जूता उतार कर उन्हें मारने दौड़ा था जिसके बचाव में उन्होंने उसे धक्का दे दिया था। मारपीट की कोई बात नहीं है। घटना के बारे में जब नवाबगंज खंड विकास अधिकारी सुषमा देवी से बात की गयी तो उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आया है।
पीड़ित ने शिकायत तो की है लेकिन कोई लिखित तहरीर नहीं दी है। ज्यादा जानकारी उन्हें नहीं है। उनके कार्यालय के सामने हुई घटना के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे अपने कार्य में व्यस्त थी। उन्होंने कोई मारपीट होते नहीं देखी।