छूटे बच्चों के टीकाकरण के लिए सात मई से शुरू इंद्रधनुष अभियान की तैयारियों को लेकर जिला कार्यक्रम अधिकारी शीरी मसूद ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ एक बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यकत्रियों को निर्देश दिए कि वह 7 मई से पहले 0 से 6 साल तक के ऐसे बच्चों की सूची बना लें जिनका टीकाकरण हो गया है या अभी बाकी है।
विकासभवन सभागार में सोमवार दोपहर 12 बजे आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की बैठक शुरू हुई। यहां पर जिला कार्यक्रम अधिकारी शीरी मसूद ने बताया कि शहरी क्षेत्र में 0 से 6 साल तक के बच्चों का टीकाकरण अभियान इंद्रधनुष 7 मई से शुरू हो रहा है। वैसे टीकाकरण का काम एएनएम द्वारा किया जाता है लेकिन शहर में एएनएम की संख्या कम होने से टीकाकरण का काम आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सौंपा गया है। उन्होंने सभी कार्यकत्रियों को निर्देशित किया कि वह 7 मई से पहले निर्धारित आयुवर्ग के बच्चों की सूची तैयार कर लें। जिससे यह पता चल सके कि किन बच्चों का टीकाकरण हो चुका है और किसका अभी बाकी है। इसके अलावा पहले से सूची तैयार हो जाने से इसकी जानकारी करने में आसानी होगी कि किस बच्चे को कौन सा टीका लग चुका है और अभी कौन सा लगना शेष है। इसी आधार पर बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। इंद्रधनुष अभियान 11 मई तक चलेगा। बैठक में डिप्टी सीएमओ डॉ. आरके गौतम के अलावा अन्य अधिकारी व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।