उत्तर प्रदेश के उन्नाव में बिहार थानाक्षेत्र के सुमेरपुर में अश्लील हरकत का विरोध करने पर शनिवार शाम एक धीमी रफ्तार ट्रक से युवती को फेंक दिया। जमीन पर गिरते ही युवती के शोर मचाने पर लोग दौड़े, लेकिन चालक भाग निकला।
घायल युवती को लोगों ने पीएचसी पहुंचाया। शनिवार शाम पांच बजे बिहार-बक्सर मार्ग पर जा रहे ट्रक से धीमी रफ्तार कर पेट्रोल पंप के पास एक 22 वर्षीय युवती को फेंक दिया। युवती ने शोर मचाया तो लोग मौके पर पहुंच गए।
युवती ने बताया कि वह अमेठी जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली है और कानपुर के लालबंगला क्षेत्र में कढ़ाई-बुनाई का काम करती है। कुछ दिन पहले घर गई थी। शनिवार को ट्रक से कानपुर लौट रही थी। रास्ते में चालक उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। विरोध पर धक्का देकर गिरा दिया।
लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक भाग निकला। युवती ने कार्रवाई के बजाय घर जाने की बात पुलिस से कही। सीओ बीघापुर कृपाशंकर कनौजिया ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। एसएचओ से बात कर आवश्यक कार्रवाई के लिए कहेंगे।