मैच के प्रारंभ में कानपुर देहात के कप्तान विवेक जान ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 30 ओवर के मैच में 6 विकेट खोकर 118 रन ही बना पाए। इसमें कप्तान विवेक जान ने 29 रन, गुलशाद ने 28 रन, विकास कश्यप ने 23 व चंद्रशेखर ने 13 बनाए। उन्नाव वेट्रेंस की ओर से कैलाश नेगी, शिव प्रताप, संतोषीकांत, फि रोज खान व मंसूर खान ने एक-एक खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी उन्नाव वेट्रेंस की टीम ने बल्लेबाजी करते हुए 16.1 ओवर में 2 विकेट खोकर ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इसमें आतिफ ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 5 चौकों की सहायता से 39 रन बनाए। इसके अलावा नवीन सिन्हा ने 6 चौकों की सहायता से 35 रन तथा अबरार ने 6 चौकों की सहायता से 34 नाबाद रन बनाए। कानपुर देहात की ओर से विवेक जान व गुलशाद ने एक-एक विकेट हासिल किए। संचालन एसोसिएशन के महामंत्री राजेंद्र कुमार त्रिपाठी ने किया। अंपायरिंग में राहुल गांधी, साहिल, सलीम तथा स्कोरिंग नीरज व सह स्कोरर रोहित शर्मा रहे। इस मौके पर मुकेश बाजपेई, अशोक मिश्रा, राजेंद्रनाथ एवं दुर्गेश आदि उपस्थित रहे। उपाध्यक्ष पीके मिश्रा ने बताया कि लीग का अगला मैच 13 नवंबर को सुबह 9 बजे से उन्नाव वेट्रेंस व लखनऊ वेट्रेंस के मध्य आरडीएसओ मैदान लखनऊ में खेला जाएगा।