उन्नाव कोर्ट में वकीलों और एडीजे के बीच हुुए हंगाामे के बाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ निबंधक ने शनिवार को एडीजे और अधिवक्ताओं के बीच चल रहे विवाद की जांच की। उन्होंने जिला जज के कक्ष में बैठकर एडीजे, बार एसोसिएशन अध्यक्ष, शासकीय अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मियों के बयान दर्ज किए।
न्यायालय में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और अभद्रता की रिपोर्ट दर्ज न होने पर एडीजे प्रहलाद टंडन ने शुक्रवार को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन कर दिया था। इसके बाद बार एसोसिएशन अध्यक्ष, महामंत्री समेत 24 ज्ञात और 200 अज्ञात अधिवक्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
शनिवार दोपहर बाद हाईकोर्ट प्रयागराज के वरिष्ठ निबंधक पंकज कुमार यहां पहुंचे। उन्होंने जिला जज के कक्ष में बैठकर पूरे प्रकरण की जानकारी ली। इस दौरान एडीजे प्रहलाद टंडन से भी पूरा प्रकरण पूछा। बाद में बार एसोसिएशन अध्यक्ष रामशंकर सिंह यादव को बुलाया।
अध्यक्ष के मुताबिक उन्होंने न्यायिक अधिकारी को बताया कि प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने गुरुवार को अपर जिला जज सहित किसी भी व्यक्ति के साथ न तो अभद्रता की है और न ही अपशब्दों का इस्तेमाल किया है। तोड़फोड़ के आरोप भी निराधार हैं। अध्यक्ष ने एडीजे के खिलाफ कई बिंदुओं पर शिकायत दर्ज कराई।
यह भी बताया कि बुधवार शाम एक अधिवक्ता की ओर से उनके मुवक्किल की मनमाने ढंग से जमानत खारिज किए जाने की शिकायत मिलने पर वह एडीजे से बात करने गए थे। इस पर अपर जिला जज भड़क गए और अमर्यादित भाषा में बात करने लगे। उन्होंने इसकी शिकायत जिला जज से की थी।
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से भी इसकी शिकायत करेंगे। इसीलिए पेशबंदी के लिए अपर जिला जज ने जिला जज की मौजूदगी में हुए समझौते को दरकिनार करते हुए पुलिस में मनमाने आरोपों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश रोका
हाईकोर्ट के वरिष्ठ निबंधक की मौजूदगी के कारण न्यायालय परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने किसी बाहरी व्यक्ति को अंदर नहीं जाने दिया।
अध्यक्ष ने सुप्रीम व हाईकोर्ट भेजा पत्र
बार एसोसिएशन अध्यक्ष राम शंकर सिंह यादव ने शाम को सुप्रीम व हाईकोर्ट न्यायाधीश को पत्र भेजा है। इसमें एडीजे की शिकायत कर कई आरोप लगाए गए हैं। अध्यक्ष ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर एडीजे पर कार्रवाई व अधिवक्ताओं पर दर्ज रिपोर्ट को समाप्त कराने की मांग की है। इसकी प्रतिलिपि बार काउंसिल आफ इंडिया के अध्यक्ष समेत अन्य को भेजी है।
दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित
राज्य विधिक परिषद उत्तर प्रदेश ने एडीजे व वकीलों के विवाद की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित की है। बार एसोसिएशन महामंत्री जितेंद्र कुमार जीतू ने बताया कि परिषद के अध्यक्ष रोहिताश्व कुमार अग्रवाल ने पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार यादव और पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष प्रशांत सिंह अटल को कमेटी में रखा है। कमेटी 15 दिन में अपनी रिपोर्ट तैयार कर अध्यक्ष को सौंपेगी।