उन्नाव के सजायाफ्ता पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर की बेटी ऐश्वर्या सेंगर की ओर से शनिवार को सवाल उठाए जाने के बाद रविवार को दुष्कर्म पीड़िता ने पलटवार किया है। उसने सोशल मीडिया पर अपना एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा है कि उस पर व उसके परिवार पर मुकदमे सेंगर के इशारे पर ही दर्ज हुए हैं।
प्रदेश सरकार को सिर्फ अंसारी, खान, मिश्रा व दुबे ही अपराधी नजर आते हैं। पीड़िता ने पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर समेत कई नाम साझा किए हैं, जिसमें सभी पर दर्जनाें मुकदमे दर्ज होने का दावा किया है। उसने लिखा है कि कुलदीप सेंगर व उनके भाई अतुल सेंगर का बड़ा नेटवर्क है। भाजपा के इशारे पर उसके परिवार वालों पर कई मुकदमे दर्ज करवाए गए।
मां को कांग्रेस ने उन्नाव सदर से प्रत्याशी बनाया है। यह बात विपक्षियों को रास नहीं आई है। पीड़िता ने कहाकि उसका मकसद, मां को चुनाव में जीत दिलाना और गरीबों की मदद कर क्षेत्र का विकास कराना है। बता दें कि ऐश्वर्या सेंगर ने शनिवार को ट्विटर पर वीडियो शेयर कर सदर सीट से दुष्कर्म पीड़िता की मां को टिकट देने पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव पर सवाल उठाए थे।