छात्र के डूबने की भनक लगते ही नहर पुल पर मौजूद ग्रामीण ।
- फोटो : UNNAO
सफीपुर। शारदा नहर ब्रांच में नहाने गए 6 दोस्तों में एक का पैर फिसलने से वह गहराई में चला गया। तेज बहाव के साथ उसे डूबता देख अन्य दोस्त भाग खड़े हुए। खेतों में काम कर रहे किसानों ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस व दमकल ने चार घंटे की मशक्कत के बाद नहर से किशोर का शव बाहर निकाल लिया। इस दौरान एसडीएम व सीओ भी मौके पर मौजूद रहे।
कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी सुंदरलाल का 15 वर्षीय पुत्र दसवीं का छात्र धीरज अपने गांव के दोस्त आकाश (14) पुत्र दीनदयाल, दुर्गेश (14) पुत्र किशनलाल, सुशांत (15) पुत्र कमलेश, आदित्य (15) पुत्र रामशंकर, अरुण (14) पुत्र अच्छेलाल के साथ बुधवार सुबह लगभग 10 बजे गांव से एक किमी दूर शारदा नहर ब्रांच के लिलौरी पुल पर नहाने पहुंचा। नहाने के दौरान डुबकी लगाकर एक दूसरे को छूने की कोशिश में धीरज पैर फिसलने से बीचधार में चल गया। गहराई अधिक होने से वह डूबने लगा। उसे डूबता व तेज बहाव के साथ बहता देख घबराए 5 अन्य दोस्त चप्पल और कपड़े छोड़कर वहां से भागे और धीरज के परिजनों को जानकारी दी।
पास में ही खेतों पर काम कर रहे किसानों ने धीरज को बहता देख पुलिस को जानकारी दी। कुछ ही देर में परिजनों के अलावा मौके पर पहुंचे एसडीएम राजेंद्र कुमार व सीओ बीनू सिंह ने शुक्लागंज से गोताखोरों के अलावा बांगरमऊ से दमकल कर्मियों को मौके पर बुलवाया। मौके पर पहुंची अग्निशमन टीम के लीडिंग फायरमैन विजयप्रताप सिंह व कोतवाली सफीपुर के हेडकांस्टेबल शेष नारायण दुबे नहर में कूदे और शव की खोजबीन शुरू की। लगभग 3 घंटे की मशक्कत के बाद डूबने वाली जगह से 50 मीटर की दूरी पर बरामद कर लिया। दोनों कर्मियों की एसडीएम ने सराहना की।
वहीं, सूचना के बाद भी गोताखोर नहीं पहुंच सके। तहसीलदार जितेंद्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद चार लाख तक सहायता राशि स्वीकृति कराने का प्रयास किया जाएगा। एसडीएम राजेंद्र कुमार ने भी शीघ्र आर्थिक मदद दिलाने का परिजनों को भरोसा दिलाया है।
तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था धीरज
धीरज का शव नहर से बाहर निकाले जाने के बाद कोहराम मच गया। बहन कंचन ने बताया कि वह माता-पिता के साथ पापरि गांव में रिश्तेदार की हुई मौत पर उसके घर गए थे। सुबह घर लौटने पर धीरज नहीं मिला। बताया कि धीरज तीन भाइयाें में दूसरे नंबर का था। सफीपुर के महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में दसवीं का छात्र था। उसकी मौत से भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ बीनू सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।