जिला अस्पताल में निरीक्षण करते एडीएम राकेश कुमार सिंह।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। सीएम के संभावित निरीक्षण को लेकर एडीएम ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। रंगाई पुताई देखने के साथ ही पीकू (पेडियॉट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट) वार्ड व पोस्ट कोविड वार्ड देखा। बेडों की उपस्थिति देखी। उन्होंने सीएमएस को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
सीएम योगी आदित्यनाथ के संभावित निरीक्षण को लेकर जिला प्रशासन स्वास्थ्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में लगा हुआ है। डीएम स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर सफाई, डॉक्टरों की उपस्थिति व उपकरण दुरुस्त रखने के निर्देश दे रहे हैं। ताकि सीएम को कहीं कोई कमी नजर न आए।
इसी के तहत रविवार को एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार सिंह ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इमरजेंसी देखने के साथ ही परिसर व वार्डों में सफाई देखी। कोरोना की तीसरी लहर में बच्चों को खतरे से दूर रखने के बनाए जा रहे पीकू वार्ड को देखा। वहां बेड रखने के साथ अन्य व्यवस्थाएं होती मिलीं। उसके बाद वह पोस्ट कोविड वार्ड पहुंचे। वहां बेडों की उपलब्धता व इलाज की हकीकत जांची। इस दौरान उन्हें सब ठीक मिला। परिसर में गंदगी देख सीएमएस डॉ. बीबी भट्ट को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।