पिंक बूथ पर टीकाकरण को लेकर बैठक करते एसीएमओ डा. एके रावत।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। वर्कप्लेस बूथों पर सरकारी कर्मचारी व मीडिया कर्मियों के टीकाकरण के बाद सोमवार से महिलाओं के लिए विशेष टीकाकरण अभियान शुरू होने जा रहा है। इसके लिए जिले में दो पिंक बूथ बनाए गए हैं। टीकाकरण कराने में महिलाओं की संख्या कम होने से इसकी शुरुआत की गई है।
सरकार के काफी प्रयास के बाद भी टीकाकरण का ग्राफ जिले में नहीं बढ़ रहा है। जिले में अब तक 2.74 लाख लोगों को टीका लग चुका है। इसमें पुरुषों की संख्या 1.70 लाख है। जबकि महिलाओं की संख्या सिर्फ 88 हजार है। महिलाओं का टीकाकरण ग्राफ बढ़ाने के लिए 7 जून से विशेष टीकाकरण अभियान चलने जा रहा है। महिलाओं का जिला महिला अस्पताल व पुरवा सीएचसी में बने बूथ पर टीकाकरण किया जाएगा। यहां 18 से 44 व 45 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। टीकाकरण की शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी।
सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि टीकाकरण में अधिक से अधिक महिलाएं शामिल हों इसके लिए पिंक बूथ बनाए गए हैं। टीका लगवाने के लिए महिलाओं को अपने साथ आधार कार्ड लाना अनिवार्य है।
अधिकारी करेंगे जागरूक
जिले में कोविड वैक्सीनेशन का ग्राफ बढ़ाने की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी गई है। अधिकारी वैक्सीनेशन केंद्रों पर मौजूद रहकर वैक्सीन का ग्राफ बढ़वायेंगे। इसके अलावा वह घर-घर जाकर भी लोगों को जागरूक करेंगे।
22 मिनट में बुक हो गए चार दिन के स्लॉट
जिले में 18 से 44 वर्ष की उम्र के लोगों को 1 जून से कोविड वैक्सीन लगाई जाएगी। स्लॉट बुक करने के लिए रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने 11 से 12 बजे के बीच पोर्टल खोला था। हालांकि मात्र 22 मिनट में ही 7 से 9 जून तक के स्लॉट बुक हो गए। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार एक बूथ पर सौ लोग स्लॉट बुक करा सकते हैं। पोर्टल पर अर्बन पीएचसी मोती नगर और शुक्लागंज बूथ पर स्लॉट बुक करने की सुविधा दी गई थी। जिसमें दोनों ही केंद्रों पर 9 जून तक स्लॉट बुक हो चुके हैं।
मिली 6000 डोज
शासन ने जिले को कोविशील्ड की छह हजार डोज और उपलब्ध कराए हैं। यह डोज स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित बूथों पर युवाओं को लगाई जाएंगी। इसके अलावा इसी सप्ताह कोविशील्ड की लगभग पांच हजार डोज और उपलब्ध कराई जाएंगी।