उन्नाव। जेल के कृषि फार्म हाउस में ले जाए गए 22 बंदियों में एक बंदी सुरक्षा में लगे बंदीरक्षकों को गच्चा देकर भाग निकला। फार्म की चहारदीवारी को लांघकर उसके भागने की खबर से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेलर की तहरीर पर पुलिस ने भागे बंदी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की है। प्रभारी जेल अधीक्षक ने हेड वार्डर (कमांड चीफ) के निलंबन की संस्तुति करते हुए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी है। अन्य बंदी रक्षकों से भी कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
सोहरामऊ थाना क्षेत्र के बिलौरा गांव निवासी सोनू को पुलिस ने धोखाधड़ी से जमीन बैनामा कराने के आरोप में 1 अप्रैल को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। डेढ़ माह से अधिक का समय जेल में गुजारने के बाद शनिवार सुबह वह 7 बंदी रक्षकों को गच्चा देकर कृषि फार्म से भाग निकला। 22 बंदियों के साथ उसे अरबी की निराई के लिए शनिवार सुबह 7 बजे कृषि फार्म हाउस ले जाया गया था। चार घंटे बाद लगभग 11 बजे जेल में दाखिल करने के दौरान हुई गिनती में उसकी मौजूदगी न देख जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल का सायरन बजा सभी बंदी रक्षकों को इकट्ठा कर उसकी तलाश शुरू हुई। कृषि फार्म का चप्पा-चप्पा खंगाला गया और न मिलने पर जेल के बाहरी छोर, कब्बाखेड़ा, किशोरीखेड़ा की ओर तलाश की गई। यहां भी उसका सुराग नहीं लगा। उसके मामा, बुआ समेत अन्य रिश्तेदारों के यहां दबिश दी गई पर उसका कोई पता नहीं चला।
रात लगभग 9 बजे प्रभारी जेल अधीक्षक/ जेलर ब्रजेंद्र सिंह ने कोतवाली पहुंचकर बंदी सोनू के खिलाफ जेल से भागने की रिपोर्ट दर्ज कराई। सदर कोतवाली पुलिस के अलावा सोहरामऊ थाना की 5 टीमों ने रात भर उसकी तलाश की पर पता नहीं चल सका। प्रभारी जेल अधीक्षक ब्रजेंद्र सिंह ने बताया कि सुरक्षा में लगे हेड वार्डर (कमांड चीफ) ब्रजभान यादव के निलंबन की संस्तुति कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है। जांच के आधार पर अन्य बंदी रक्षकों पर भी कार्रवाई तय की जाएगी।
लापरवाही की होगी जांच, बख्शे नहीं जाएंगे दोषी
डीआईजी जेल शैलेश कुमार मैत्रेय ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में आई है। पूरी रिपोर्ट प्रभारी जेल अधीक्षक से मांगी गई है। सुरक्षा में लगे सभी कर्मियों के बयान दर्ज किए जाएंगे। जिसकी भी लापरवाही सामने आई, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा में लगे थे यह जवान
कृषि फार्म हाउस में गए 22 बंदियों की सुरक्षा में जेल के हेड वार्डर (कमांड चीफ) ब्रजभान यादव, बंदी रक्षक जगदेव प्रसाद, पीएसी जवान कुशलपाल, शुभम चौधरी, पुलिस विभाग का हेडकांस्टेबल विनोद कुमार यादव व होमगार्ड ज्ञान सिंह व विपिन शुक्ला तैनात थे। प्रभारी जेल अधीक्षक ब्रजेंद्र सिंह ने बताया कि कृषि फार्म में पीछे की ओर बड़ी घास होने से बंदी सोनू उसी की आड़ लेकर निकल गया। उन्होंने बंदी के कब्बाखेड़ा या किशोरीखेड़ा की ओर जाने वाले रास्ते की बाउंड्री फांदकर निकल जाने का अंदेशा जताया है।
अस्थायी जेल से शिफ्ट हुए भागे बंदी के माता-पिता
कोविड-गाइडलाइन की समय सीमा पूरी करने के बाद रविवार सुबह ही भागे बंदी सोनू के पिता संतकुमार व मां महदेई को जिला कारागार शिफ्ट किया गया है। सोनू भागकर कहां छिप सकता है, दोनों से इसकी जानकारी ली गई।