हसनगंज के तेगापुर गांव में आग लगने से जलती गेहूं की फसल।
- फोटो : UNNAO
हसनगंज(उन्नाव)। हाईटेंशन लाइन में हुई स्पार्किंग से निकली चिंगारी खेत में गिर गई। निजी संसाधनों से जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते किसान की 15 बिस्वा फसल जलकर राख हो गई। सूचना के बाद भी दमकल के मौके पर न पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश है।
हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के तेगापुर गांव के बाहर चंदिका प्रसाद के खेत हैं। खेत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरी है। रविवार सुबह तेज हवा के चलते तारों से स्पार्किंग शुरू हो गईं। चिंगारी खेत में गिरने से चंद्रिका की फसल धू-धूकर जलने लगी। दमकल को सूचना देकर ग्रामीणों की मदद से निजी संसाधनों से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता, चंद्रिका की 15 बिस्वा फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि जिस खेत में आग लगी वहां से फायर स्टेशन की दूरी 5 किमी है। इसके बाद भी दमकल मौके पर नहीं पहुंची। दमकल पहुंच जाती तो आग को समय रहते बुझा लिया जाता। एसडीएम प्रदीप वर्मा ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही लेखपाल को नुकसान का आकलन के लिए मौके पर भेजा गया है।