आसीवन के उद्शाह गांव में लगी आग को बुझाते ग्रामीण
- फोटो : UNNAO
बिछिया(उन्नाव)। अचलगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात चूल्हे की चिंगारी से किसान के घर आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता, गृहस्थी का सामान व सात बकरियां आग में जिंदा जल गईं। पीड़ित किसान ने लगभग तीन लाख के नुकसान का अंदेशा जताया है। गृहस्थी राख देखकर किसान व उसके दोनों बेटे फफक पड़े। लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर जांच कर शीघ्र आर्थिक सहायता दिलाए जाने का भरोसा दिलाया है।
थाना क्षेत्र के शिवपुर ग्रंट गांव निवासी किसान लल्लूलाल गांव के बाहर मकान बनाकर रहता है। पड़ोस में उसके दो बेटे संजय व सर्वेश भी रहते हैं। शुक्रवार रात लल्लूलाल के घर चूल्हे पर खाना पकाया जा रहा था। चूल्हे से निकली चिंगारी छप्पर पर गिर गई। जिससे छप्पर धू-धूकर जल उठा। जब तक लल्लूलाल पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाता उसके बेटे संजय व सर्वेश के घर भी आग की चपेट में आ गए। आग से किसान लल्लूलाल के घर में केसीसी जमा करने के लिए रखी 1 लाख की नगदी, 6 क्विंटल गेहूं, 5 क्विंटल लहसुन जलकर नष्ट हो गया। उसके बेटे संजय की 4 व सर्वेश की 3 बकरियां आग में जिंदा जल गईं। ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शनिवार सुबह लेखपाल अजय वर्मा ने गांव पहुंचकर आग से हुए नुकसान का आकलन किया। पीड़ित के मुताबिक आग से लगभग तीन लाख का नुकसान हुआ है।
आग से तीन भाइयों की गृहस्थी जली
आसीवन संवाद के अनुसार थाना क्षेत्र के उद्शाह गांव निवासी पोहकर के घर शनिवार शाम संदिग्ध हालात में आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाने की कोशिश की जाती, तेज हवा के झोंकों से आग ने विकराल रूप लेकर पोहकर के अलावा गोकुल व उसके भाई सुनील के घर की गृहस्थी जल गई। अग्निशमन जवानों ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से लगभग दो लाख के नुकसान की बात पीड़ितों ने कही है।