उन्नाव। परियर में चिह्नित स्थल से अलग बालू खनन पर फर्म को नोटिस जारी की गई है। वहीं, खनन विभाग ने दो लाख रुपये की पेनाल्टी लगाई है। साथ ही डंप बालू उठान पर रोक भी लगा दी है।
बालू खनन के लिए श्याम इंटरप्राइजेज के नाम वर्ष 2020 में पांच साल के लिए 105 बीघे का पट्टा हुआ था। जिसमें बालू खनन का काम चल रहा था। गुरुवार को राजस्व निरीक्षक शत्रुघ्न व लेखपाल राम नारायण पाल मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे थे। जांच में निर्धारित भूमि से अलग 550 घन मीटर खनन मिलने पर बालू उठाने से मना कर दिया था। शुक्रवार को खनन अधिकारी अमित रंजन ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। जांच में चिह्निंत स्थल से हटकर बालू खनन की पुष्टि हुई। खनन अधिकारी ने बताया कि साढ़े पांच सौ घन मीटर बालू का अवैध खनन पाया गया है। इसके बाद खननकर्ता फर्म मेसर्स श्यामा इंटर प्राइजेज को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है। साथ ही निर्धारित स्थान से हटकर अवैध खनन किए जाने पर फर्म पर दो लाख रुपये की पेनाल्टी तय की गई है।