उन्नाव। शिक्षिका से अश्लील हरकत करने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी प्रधान शिक्षक को जेल भेज दिया है। वहीं एक अन्य मामले में पत्नी की शिकायत प्रधान शिक्षक को बीएसए ने निलंबित कर दिया है। पत्नी ने स्कूल की महिला शिक्षामित्र से अवैध संबंध की शिकायत की थी।
बछिया ब्लॉक के हुसैन नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक शिक्षक संदीप सिंह पर इसी स्कूल की एक सहायक शिक्षिका से अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया था। सहायक शिक्षिका की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस की रिपोर्ट मिलने पर बीएसए ने सहायक शिक्षक को निलंबित कर दिया।
वहीं औरास ब्लॉक के गांव गोविंदापुर प्राथमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षक संजीव शंखवार पर उनकी ही पत्नी ने शिक्षामित्र से नजदीकियों की शिकायत की थी। पत्नी ने साक्ष्य की सीडी भी उपलब्ध कराई थी। बीएसए ने प्रकरण की सुनवाई की थी। इसमें प्रधान शिक्षक के दोषी पाए जाने पर उन्हें निलंबित कर दिया है। बीएसए ने प्रकरण की जांच बीईओ नवाबगंज कृष्णदेव यादव को दी है। निलंबित प्रधान शिक्षक को सुमेरपुर ब्लॉक के सिरियापुर उच्च प्राथमिक स्कूल में संबद्ध किया गया है।
बीएसए प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि दो शिक्षकों को निलंबित किया गया है। इसमें छेड़छाड़ के मामले में एक शिक्षक को जेल भेज दिया गया है। वहीं दूसरे का निलंबन कर सुमेरपुर ब्लॉक में संबद्ध कर दिया गया है।