पाटन। संदिग्ध परिस्थितियों में गर्भवती की मौत हो गई। ससुरालियों ने सर्प दंश से मौत की बात कही, जबकि मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगा पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
बिहार थाना क्षेत्र के ग्राम रानीपुर मजरे देवारा में सोमवार की रात 6 माह की गर्भवती रेखा देवी 25 पत्नी मनोज लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रेखा का विवाह तीन वर्ष पूर्व रानीपुर मजरे देवारा निवासी शीतल प्रसाद के पुत्र मनोज के साथ हुआ था। रेखा के पिता श्यामलाल निवासी हुलासी खेड़ा मजरे कुतुबपुर थाना बिहार ने आरोप लगाया कि शादी के बाद पुत्री का उत्पीड़न किया जाता रहा। मांग पूरी नहीं होने पर आए दिन उसे मारते पीटते थे। घटना की तहरीर पिता श्यामलाल लोध ने थाना बिहार में दी है। वहीं परिवारी जन सर्पदंश से मौत होने की बात कह रहे हैं। मृतका के एक डेढ़ साल का पुत्र है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।