उन्नाव। भूमाफियाओं ने शहर में महिला थाना की जमीन पर मिट्टी और दीवार बनाकर कब्जा कर लिया। जानकारी पर सीओ सिटी, एसडीएम व अन्य अधिकारी राजस्व टीम के साथ पहुंचकर जांच की। भूमि की पैमाइश कर अवैध कब्जे को हटवा दिया। एसपी के निर्देश पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सीओ सिटी ने बताया कि कब्जा करने वाले लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। उनके खिलाफ एंटी भूमाफिया एक्ट के तहत सख्त करार्रवाई की जाएगी।
शहर के मोहल्ला हिरन नगर में मुख्य मार्ग किनारे महिला थाना भवन के लिए करीब दस साल पहले भूमि चिन्हित की गई थी। नगर पालिका से करीब आठ बिस्वा जमीन का आवंटन भी पुलिस विभाग को कर दिया गया है। पुलिस विभाग ने यहां पर महिला थाना भवन के लिए प्रस्तावित स्थल का एक बोड़ॱर भी लगाया था। भूमाफियाओं ने इस बेशकीमती जमीन पर कब्जा करने के लिए पहले चोरी छिपे बोर्ड हटवा दिया। एक चूबतरा बनाकर उस पर कुछ मूर्तियां रखवा दीं। इसके बाद भूमि पर मिट्टी भरवाई और चहार दीवार का निर्माण शुरू कर दिया। पुलिस की जमीन पर कब्जा होने की सूचना पर मंगलवार दोपहर सीओ सिटी यादवेंद्र यादव, एसडीएम सदर दिनेश कुमार, तहसीलदार ओपी शुक्ला राजस्व टीम के साथ पहुंचे। भूमि की पैमाइश कराई गई और अभिलेख खंगाले गए तो जमीन महिला थाना के लिए पुलिस विभाग को अवंटित पाई गई। इसके बाद सीओ सिटी ने अवैध कब्जे को हटवा दिया। सीओ सिटी ने बताया कि एहतियात के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसपी के निर्देशानुुसार निर्माण की कार्रवाई भी जल्द ही शुरू करा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस भूमि पर कब्जा करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। जो लोग भी शामिल हैं उनके खिलाफ एंटी भूमाफिया एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।