उन्नाव। फतेहपुर के खागा के विजयनगर मोहल्ला निवासी महिला चौकीदार गीता मिश्रा (50) की शुक्रवार रात जिला जेल में ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। ड्यूटी के समय सीने में तेज दर्द उठने से वह जमीन पर गिर पड़ीं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार दोपहर उनका शव घर पहुंचा।
गीता मिश्रा के पति अंबिका प्रसाद मिश्र पुलिस कांस्टेबल थे। वर्ष 2005 में गढ़ा गांव जाते समय रास्ते में बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पति की मौत के बाद गीता को उन्नाव जिला जेल में चौकीदार की नौकरी मिली थी।
बेटे आयुष मिश्र ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे मां ड्यूटी पर गई थीं। रात नौ बजे सूचना मिली कि सीने में तेज दर्द उठने के कारण वह गिर पड़ी हैं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
गीता की बड़ी बेटी अल्का की शादी हो चुकी है। छोटी बेटी आयुषी और बेटे आयुष को पढ़ाकर अपने पैरों पर खड़ा करने का उनका सपना था। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि पति की हत्या के बाद उन्होंने नौकरी के साथ परिवार की जिम्मेदारी भी बखूबी संभाली।