उन्नाव। कलक्ट्रेट के पन्नालाल सभाकक्ष में बृहस्पतिवार को जिला सैनिक बंधु की बैठक हुई। एडीएम (न्यायिक) अमिताभ यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान लंबित और नई कुल 17 समस्याओं का मौके पर निपटराया कराया गया।
एडीएम और स्क्वाड्रन लीडर मधु मिश्रा ने पिछली बैठक में उठाए गए मामलों की समीक्षा की। पूर्व सैनिकों की जमीन, संपत्ति विवाद, शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण, लड़ाई-झगड़े, चकबंदी, नगर पालिका और बिजली विभाग से संबंधित शिकायतों पर चर्चा की। अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। एडीएम अभिताभ यादव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से करीब 10 अधिकारियों को संबंधित मामलों में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिला सैनिक बंधु बैठक पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान का माध्यम है। स्क्वाड्रन लीडर मधु मिश्रा ने बताया कि कार्यालय में प्रत्येक कार्यदिवस पूर्व सैनिकों की समस्याएं सुनकर प्रशासन के सहयोग से समाधान कराया जाता है। बैठक में एसडीएम सदर राजेश कुमार विश्वकर्मा, पुलिस विभाग के अधिकारी, पूर्व सैनिक और उनके आश्रित उपस्थित रहे।