गर्भवती की गोदभराई करती महिलाएं। स्रोत: शिक्षक
- फोटो : 1
चकलवंशी/पुरवा/बीघापुर। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग ने तीन दिवसीय आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। मंगलवार को अंतिम दिन बच्चों की सेहत जांची गई। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और नौनिहालों का अन्नप्राशन भी हुआ।
चकलवंशी के कन्या प्राथमिक स्कूल में 25 आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्यकर्ताओं, बच्चों और माताओं ने भाग लिया। तीसरे दिन स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता कराई गई। इसमें निष्ठा, अयांश, जानू, आवेश कुमार और युग जैसे बच्चों ने प्रतिभाग किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन से अति कुपोषित श्रेणी से सामान्य श्रेणी में आए बच्चों और माताओं को सम्मानित किया। ग्राम प्रशासक सीमा देवी ने कार्यकर्ताओं को साड़ी भी दी।
पुरवा में प्राथमिक स्कूल पल्हरी, कटरा और तुसरौर में भी कार्यक्रम हुए। स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता में चयनित 15 लाभार्थियों को पोषण डलिया, फल और मेवे दिए गए। छह बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया।
पुरवा में बेहतर कार्य करने वाली 15 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र मिला। 147 कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को पोशाक वितरित की गई। सीडीपीओ रचना पटेल, निशा महाजन और मुख्य सेविका शिवानी गुप्ता भी मौजूद रहीं। बीघापुर के ब्लॉक धानीखेड़ा पंचायत भवन में सीडीपीओ निशि श्रीवास्तव की मौजूदगी में कार्यक्रम हुआ। कुपोषित से सुपोषित बच्चों, उनकी माताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।