विधि वर्मा और सागर वर्मा (फाइल फोटो)
बीघापुर। मध्य प्रदेश के रतलाम में हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले भाई-बहन के शव बृहस्पतिवार सुबह पैतृक गांव मैनहा पहुंचे तो चीख-पुकार मच गई। बच्चों के शव देखते ही दादा-दादी और अन्य रिश्तेदार बेहाल हो गए। घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
अचलगंज थाना क्षेत्र के मैनहा गांव निवासी राज बाबू वर्मा गुजरात के वड़ोदरा में परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार को वह पत्नी रिशु वर्मा (42), बेटी विधि वर्मा (14) और बेटे सागर वर्मा (7) के साथ कार से माता-पिता से मिलने गांव आने के लिए निकले थे।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पास उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए पलट गई। सड़क किनारे लगी सेफ्टी ग्रिल के लोहे के एंगल कार के अंदर घुस गए। कार की अगली सीट पर बैठे सात वर्षीय सागर और पीछे बैठी 14 वर्षीय विधि की मौके पर ही मौत हो गई। राज बाबू और उनकी पत्नी रिशु गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय पुलिस ने दोनों घायलों को रतलाम जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलने पर परिजन रतलाम पहुंचे। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे घायल दंपती और दोनों बच्चों के शव एंबुलेंस से मैनहा गांव लाए गए। बच्चों के शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। दादा राज बहादुर वर्मा, दादी राजरानी और चाचा प्रियंकर शव देखकर फूट-फूटकर रोने लगे। आसपास के ग्रामीण भी भावुक हो उठे। जिस घर में बच्चों के आने की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां दोनों के शव आने से मातम छा गया। हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।