उन्नाव। श्रमशक्ति एक्सप्रेस से दिल्ली जाते समय कानपुर के डॉक्टर की गला घोंटकर हत्या कर शव ट्रैक पर फेंकने वाले बृजेश वर्मा की दया याचिका राज्यपाल ने खारिज कर दी है। घटना 28 अगस्त 2007 को हुई थी। पुलिस ने फतेहपुर चौरासी थाना के गजफ्फरपुर पैसरा गांव निवासी बृजेश वर्मा को एक सितंबर को लखनऊ के आलमबाग बस अड्डे से गिरफ्तार किया था। आगरा कारागार में उम्रकैद की सजा काट रहे बृजेश ने अच्छे आचरण का हवाला देकर समय पूर्व रिहाई की मांग की थी।
कानपुर से नई दिल्ली जा रही श्रमशक्ति एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कूप में 27 अगस्त 2007 को कानपुर के आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अनुराग मित्तल की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद हत्यारे ने उनके पास रखे करीब एक लाख रुपये, कुछ अमेरिकी डॉलर, कीमती घड़ी और मोबाइल फोन लूट लिया। हत्यारे ने शव को चलती ट्रेन से फेंक दिया और ट्रेन धीमी होने पर खुर्जा के पास उतर गया था। सुबह ट्रेन नई दिल्ली पहुंचने पर बोगी में डॉक्टर का केवल सामान मिला था। काफी तलाश के बाद अलीगढ़-हाथरस रेलखंड के पास से उनका शव मिला था। जांच में जुटी पुलिस को घटना के तीन दिन बाद डॉक्टर का फोन ऑन होने पर सर्विलांस से उसकी लोकेशन लखनऊ मिली। इस पर एक सितंबर 2007 को फतेहपुर चौरासी थाना के गजफ्फरपुर पैसरा गांव के मूल निवासी बृजेश वर्मा को लखनऊ के आलमबाग बस अड्डे के पास से गिरफ्तार किया था।
मुकदमे की सुनवाई अलीगढ़ जिले के अपर सत्र न्यायाधीश के न्यायालय में पूरी हुई और तीन मई 2011 को न्यायालय ने बृजेश को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। उसने उच्च न्यायालय में अपील की थी, लेकिन उच्च न्यायालय ने भी निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा था। बृजेश आगरा स्थित केंद्रीय कारागार में निरुद्ध है। उसने अच्छे आचरण का हवाला देकर समय पूर्व रिहाई की मांग की थी। जिस पर विचार करने के लिए गठित उच्चस्तरीय कमेटी ने किए गए अपराध की गंभीरता व जघन्यता को देखकर रिहाई की संस्तुति नहीं की। इस पर राज्यपाल ने दया याचिका अस्वीकार कर दी है।
रक्षाबंधन और बेटी के दाखिले के लिए निकले थे डॉक्टर
स्वरूप नगर निवासी डॉ. अनुराग मित्तल रक्षाबंधन के मौके पर नई दिल्ली में रहने वाली बहनों से मिलने जा रहे थे। इसके साथ ही उन्हें दिल्ली से बागडोगरा (पश्चिम बंगाल) रवाना होना था, जहां उनकी बेटी का उच्च शिक्षण संस्थान में दाखिला होना तय था। कॉलेज फीस और यात्रा खर्च के लिए उनके पास भारतीय मुद्रा व अमेरिकी डॉलर और जरूरी दस्तावेज थे।
आईडी अनिवार्य न होने का उठाया था फायदा
साल 2007 में रेलवे काउंटर से सामान्य टिकट बुक कराते समय पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य नहीं होता था। बृजेश ने इसका फायदा उठाकर आरक्षण पर्ची में बीके सिंह नाम का प्रयोग किया था। उसने अपना पता लखनऊ के राजाजीपुरम लिखा था। पुलिस ने जब पते की जांच की तो उन्हें इस नाम का कोई व्यक्ति नहीं मिला था।
सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था परिवार
पति की हत्या के बाद पत्नी अनीता मित्तल ने रेलवे पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट की शरण ली थी। उनका तर्क था कि फर्स्ट एसी का भारी-भरकम किराया वसूलने के बावजूद रेलवे न मुसाफिरों की आईडी जांचता है और न सुरक्षा देता है। परिवार ने 11.53 करोड़ रुपये मुआवजे की गुहार लगाई थी। अदालत ने रेलवे को सीधे उत्तरदायी न ठहराते हुए याचिका खारिज कर दी थी। मगर इस केस ने ट्रेनों में आईडी जांच की अनिवार्यता की नींव रख दी।