उन्नाव। युवक पर छेड़छाड़ के आरोप लगाने वाली किशोरी न्यायालय में बयानों से मुकर गई। उसके पिता और मां भी अपने बयानों पर नहीं टिके और ऐसी किसी घटना से इन्कार कर दिया। गवाहों के मुकरने व अभियोजन द्वारा पर्याप्त साक्ष्य पेश न किए जाने पर न्यायाधीश ने संदेह का लाभ देते हुए आरोपी को दोषमुक्त करार दिया है।
फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति के मुताबिक 30 अक्तूबर 2019 की शाम करीब 6:30 बजे 13 वर्षीय बेटी खेत जाने की बात कहकर निकली थी। इस्माइलपुर नौगवां गांव निवासी रामबाबू और गुड्डू मौके पर पहुंचे और बेटी से छेड़छाड़ की। शोर मचाने पर आरोपी गाली गलौज करते हुए मौके से भाग निकले। घर पहुंचकर किशोरी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और विवेचना के बाद न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया। न्यायालय में पीड़िता दोनों पर लगाए गए आरोपों से मुकर गई।बताया कि भाई को जेल जाने से बचाने के लिए आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कराया था। पिता व मां ने भी ऐसी किसी घटना से इन्कार कर दिया। इसके साथ ही अभियोजन विभाग भी पीड़िता की उम्र के संबंध में पर्याप्त प्रमाण नहीं पेश कर सका। इसपर न्यायाधीश शैलेंद्र सिंह यादव ने रामबाबू व गुड्डू को दोषमुक्त करार दिया है।