उन्नाव। एसीएमओ पर हत्या के मामले में जेल भेजे गए संचालक के अस्पताल को नए नाम से दोबारा चालू कराने के एवज में 3.50 लाख रुपये की मांग करने के आरोप लगे हैं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। डीएम ने टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं।
शेखपुर नरी स्थित उत्तम हॉस्पिटल के संचालक देवकांत उत्तम पर अस्पताल में काम करने वाली युवती से दुष्कर्म और पुलिस से शिकायत करने पर हत्या का आरोप है। जुलाई में स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन ने पत्नी के नाम से पंजीकृत अस्पताल सील कर दिया था। वायरल हो रहे वीडियो में एक व्यक्ति, स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी से कार्यालय में बात कर रहा है। वह अस्पताल का नाम बदलकर पंजीकरण कराकर दोबारा संचालित करने की बात कह रहा है। वीडियो वायरल करने वालों का दावा है कि अधिकारी ने 3.50 लाख रुपये की मांग की।
हालांकि वीडियो में दिख रहे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने आरोपों को निराधार बताया है। कहा कि वीडियो में कहीं भी रुपयों की बात नहीं की। जिस अस्पताल की बात हो रही है वह अभी भी सील है। ऐसे में दोबारा लाइसेंस जारी नहीं किया जा सकता। सीएमओ डॉ. एके शर्मा ने भी बताया कि अस्पताल अब भी सील है, ऐसे में रुपये मांगने की बात बेबुनियाद है। वीडियो की सत्यता की जांच कराई जा रही है। वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर डीएम घनश्याम मीना ने सीडीओ को टीम गठित कर जांच करने के निर्देश दिए हैं।