उन्नाव। संक्रामक बीमारियों का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में दो मरीजों में स्वाइन फ्लू और एक मरीज में डेंगू की पुष्टि हुई है। अब स्वाइन फ्लू मरीजों की संख्या बढ़कर 15 और डेंगू पॉजिटिव 22 हो गए हैं।
शुक्लागंज निवासी 38 वर्षीय महिला और अकरमपुर निवासी 86 वर्षीय बुजुर्ग को बुखार और सांस लेने में परेशानी थी। स्थानीय स्तर पर इलाज के बावजूद सुधार न होने पर परिजन उन्हें कानपुर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने संभावित लक्षणों के आधार पर स्वाइन फ्लू की जांच कराई। इसमें महिला और बुजुर्ग पॉजिटिव मिले हैं।
इसके साथ ही बारिश के बाद डेंगू का खतरा भी तेजी से बढ़ा है। शुक्लागंज के मिश्रा कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय बुखार पीड़ित युवक को परिजनों ने कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जांच में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई है।
सीएमओ डॉ. अजय शर्मा ने बताया कि संक्रमित मरीजों के घर टीम भेजकर निरोधात्मक कार्रवाई कराई गई है। बारिश के मौसम में संक्रामक बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ता है। ऐसे में लोगों को स्वच्छता बरतने, मच्छरों से बचाव करने और संभावित लक्षण दिखने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने को जागरूक किया जा रहा है।