उन्नाव। जिले की ग्राम पंचायतों में विकास कार्याें को अब और गति मिलेगी। जनपद को 35 नए ग्राम पंचायत अधिकारी मिले हैं। सोमवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
जिले में 1037 ग्राम पंचायतें हैं। इनके संचालन के लिए स्वीकृत पदों के सापेक्ष ग्राम पंचायत अधिकारियों की तैनाती नहीं है। इससे कई सचिव एक से अधिक ग्राम पंचायत का दायित्व संभाल रहे हैं। रिक्त पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति करने के लिए उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन द्वारा परीक्षा आयोजित की गई थी।
इसमें जिले के अंकित यादव, दीपेंद्र कुमार, बृजेश सैनी, बंशी लाल, प्रिया वर्मा, शिवम त्रिपाठी, शुभांकी पटेल, आरती अवस्थी, ऋतु वर्मा, आशीष कुमार, दिवाकर वर्मा, प्रमोद कुमार, ईशु कुशवाहा, संदीप कुमार और मंजुल मोहन शुक्ला का चयन हुआ है। शेष अन्य जिलों के हैं। सभी को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र दिया। डीपीआरओ श्रीकांत यादव ने बताया कि जल्द ही ग्राम पंचायतों में तैनाती दी जाएगी।