असोहा (उन्नाव)। पिछले दिनों हुई बारिश से गंगा एक्सप्रेसवे की प्रयागराज-मेरठ लेन में आई दरार से कई जगह सड़क धंस गई। शुक्रवार को निर्माण एजेंसी ने करीब 100 मीटर सड़क की मरम्मत शुरू कराई। दो लेन बंद होने से यातायात को एक लेन से चलाया जा रहा है।
बिछिया ब्लॉक क्षेत्र से निकले गंगा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 433.1 से 432 तक भारी वाहन लेन का हिस्सा धंस गया। निर्माण एजेंसी के तकनीकी अधिकारी पिछले दिनों हुई लगातार बारिश को इसकी वजह बता रहे हैं। सड़क धंसने से वाहन सवारों को जर्किंग की वजह से आवागमन में परेशानी हुई।
शुक्रवार को निर्माण एजेंसी पटेल इंफ्रास्ट्रक्चर ने 100 मीटर सड़क की मरम्मत शुरू कराई। इस दौरान दोनों लेन के वाहनों को एक लेन से निकाला गया। मालूम हो कि गंगा एक्सप्रेसवे पर सड़क दबने की यह पहली घटना नहीं है। पिछले दिनों तेज बारिश के दौरान सोनिक टोल प्लाजा पर जलभराव के चलते भी यह एक्सप्रेसवे सुर्खियों में बना रहा है।
गंगा एक्सप्रेसवे पर पिछली घटनाएं
इससे पहले 27 सितंबर को किलोमीटर संख्या 422 पर सराय कटियान गांव के पास एक्सप्रेसवे का पहुंच मार्ग धंस गया था। सात अगस्त को भी मेरठ-प्रयागराज लेन पर किलोमीटर संख्या 433.6 से 433.7 पर सड़क दबने के बाद मरम्मत की गई थी। 25 से 27 सितंबर की बरसात में सोनिक टोल गेट के पास जलभराव के कारण वाहनों का आवागमन ठप हो गया था। तब पंप सेट लगाकर पानी निकलवाया गया था।
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भी समस्या
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भी सड़क धंसने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को कानपुर-लखनऊ लेन पर किलोमीटर संख्या 65.3 से 65.4 तक भारी वाहन लेन धंस गई। बृहस्पतिवार को कार्यदायी संस्था पीएनसी ने इन्हीं किलोमीटर संख्या पर लखनऊ-कानपुर लेन पर 200 मीटर सड़क की मरम्मत की थी। इसी के साथ कानपुर-लखनऊ लेन पर भी करीब 100 मीटर सड़क की मरम्मत का काम हुआ था। इसके बावजूद एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की दुश्वारियां कम नहीं हो रही हैं।
वर्जन...
सड़क की मरम्मत और सुधार कार्य सतत प्रक्रिया है। लगातार बारिश होने से कुछ स्थानों पर सड़क खराब हुई थी उसे ठीक कराया जा रहा है। अन्य स्थानों पर जहां भी छुटपुट कमी आई होगी उसे भी सुधार कराया जाएगा। -आरएस मिश्रा, मैनेजर कार्यदायी एजेंसी पटेल इंफ्रास्ट्रक्चर।