सफीपुर। जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की बदहाली झेल चुके लोग अब योजना के काम के विरोध में मुखर होने लगे हैं। क्षेत्र के देवगनमऊ गांव में जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन बिछाने की तैयारी का ग्राम प्रशासक के साथ ग्रामीणों ने विरोध किया। इसे लेकर पंचायत भवन में बृहस्पतिवार को ठेकेदार के साथ बैठक भी हुई। इसमें ग्रामीणों ने सड़क को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक मशीनों से पाइप लाइन बिछाने की मांग की है।
ग्राम प्रशासक दिलीप मिश्रा ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत के मजरा संभाबाग में जल जीवन मिशन के तहत सीसी सड़क खोदकर पाइप लाइन डाली गई थी। कार्य पूरा होने के बाद सड़क की स्थिति जर्जर हो गई थी। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी थी। बदहाल सड़क की कई बार एसडीएम से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। बाद में विधायक बंबा लाल दिवाकर के हस्तक्षेप के बाद सड़क की मरम्मत कराई गई। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के कई गांवों में जल जीवन मिशन के तहत सड़कें खोदी गईं, लेकिन पाइप लाइन डालने के बाद उनकी समुचित मरम्मत नहीं कराई गई।
ग्रामीणों ने मांग है कि पाइप लाइन डालने के लिए ऐसी तकनीक और मशीनों का इस्तेमाल किया जाए, जिससे सड़क को नुकसान न पहुंचे। बैठक में मनोज, रजेपाल, राजकुमार, कल्लू शर्मा, गयाप्रसाद, रामकरन, रामभजन व शिवशंकर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे।