मेधावियों को सम्मानित करते समिति के पदाधिकारी। स्रोत: आयोजक
बांगरमऊ। हरदाई-उन्नाव मार्ग पर स्थित गेस्टहाउस में शुक्रवार की शाम श्री दोसर वैश्य सेवा समिति ने गांधी जयंती पर छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया। इसमें 80 मेधावियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
संरक्षकों ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि विधायक श्रीकांत कटियार ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विधायक ने कहा कि मेधावियों का सम्मान उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। विनोद गुप्ता ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है। सम्मेलन में बाला राव गुप्ता, प्रखर गुप्ता, डॉ नीरज गुप्ता, विजय गुप्ता, राजेश गुप्ता, उमाकांत गुप्ता ने समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में 24 निराश्रित महिलाओं को साड़ी व घरेलू सामग्री और समिति द्वारा गोद लिए गए 14 बच्चों को वस्त्र व उपहार भी दिए गए।
समिति के संरक्षक अनीत कुमार गुप्ता को उत्कृष्ट समाजसेवा के लिए वैश्य रत्न सम्मान व विष्णु कुमार गुप्ता को सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता सम्मान दिया गया। समिति कार्यालय के लिए पांच बिस्वा भूमि दान देने वाले पालिकाध्यक्ष रामजी गुप्ता व उनके पिता वासुदेव गुप्ता को भामाशाह सम्मान से विभूषित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष रामजी गुप्ता व संचालन विकास गुप्ता ने किया।