बीघापुर। कोतवाली क्षेत्र के पुरवा रोड पर मगरायर गांव के सामने बुधवार की देर शाम आमने-सामने बाइकों की टक्कर में पल्लेदार की मौत हो गई। दूसरी बाइक सवार युवक का उपचार चल रहा है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
पुरवा कोतवाली के मोहल्ला तोपखाना निवासी विश्राम ने बताया कि भतीजा शिवशंकर (30) पल्लेदारी करता था। बुधवार को पड़ोसी मोहल्ला पीरजादी गढ़ी निवासी ठेकेदार पाली के साथ काम करने गया था। बुधवार की देर शाम ठेकेदार के साथ बाइक से घर लौट रहा था। कोतवाली क्षेत्र के पुरवा मार्ग पर मगरायर गांव के सामने विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार जगतखेड़ा निवासी करण की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों घायल हो गए।
चाचा विश्राम का आरोप है कि हादसे के बाद ठेकेदार भतीजे को उसके हाल पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने शिवशंकर को मृत घोषित कर दिया जबकि करण को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। चाचा ने बताया शिवशंकर अविवाहित था। माता-पिता की मौत हो चुकी है। छोटा भाई सोनू दिल्ली में मजदूरी करता है। भाई की मौत की खबर पर घर लौट रहा है। बड़ी बहन राखी की शादी हो चुकी है। कोतवाली प्रभारी अश्वनी मिश्रा ने बताया शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।