क्षतिग्रस्त पोल को हटवाने बिजली निगम के कर्मचारी। स्रोत: ग्रामीण
परियर। बलखंडेश्वर मंदिर के पास मंगलवार की रात ट्रक में एबीसी केबल फंसने से बिजली का खंभा टूट कर गिर गया। इससे कई गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। बुधवार की सुबह सूचना पर पहुंचे बिजली निगम कर्मियों ने एक मोहल्ले का जंपर काटकर अन्य लाइन चालू की। शाम को नया खंभा लगाने के बाद आपूर्ति पूरी तरह बहाल हो सकी। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। परियर स्थित बाबा बलखंडेश्वर महादेव मंदिर के पास बिठूर रोड के किनारे लगे बिजली के खंभे से सड़क के दूसरी ओर लाइन पहुंचाने के लिए एबीसी केबल पड़ी है। मंगलवार की रात लगभग दो बजे सड़क से निकल रहे ट्रक में केबल फंस जाने से बिजली का पोल टूट कर गिर गया।
घटना के समय सप्लाई चालू तेज चिंगारी उठने लगी। स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल पूरे क्षेत्र की आपूर्ति बंद कर दी गई। इससे बीबीखेड़ा, सैदापुर, मरौंदा आदि गांवों में अंधेरा छा गया।
बुधवार सुबह करीब नौ बजे पहुंचे बिजली निगम के कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त खंभे से जुड़े मोहल्ले का जंपर काटकर लाइन चालू कराई। दोपहर बाद नया खंभा आया। उसे लगाने के बाद शाम करीब पांच बजे आपूर्ति पूरी तरह से बहाल हो सकी। इस दौरान करीब सात हजार की आबादी को परेशानी उठानी पड़ी। जेई दिलीप गुप्ता ने ट्रक के केबल फंसने से पोल क्षतिग्रस्त हुआ था। नया पोल लगवाकर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।