नवाबगंज (उन्नाव)। पुलिस ने दो शातिर चोरों को पकड़ा है। इनके कब्जे से नौ मोबाइल और एक स्कूटी बरामद हुई है। इन्होंने 27 जुलाई को सीएचसी के सामने यशराज गुप्ता के मेडिकल स्टोर से मोबाइल चुराया था।
बताया गया कि एक चोर दवा लेने के बहाने मेडिकल स्टोर की दुकान पर गया। संचालक जब दवा निकालने के लिए पीछे मुड़ा तो गल्ले से मोबाइल लेकर भाग गया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने बुधवार को पक्षी विहार रिंग रोड के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी विशाल यादव (फिरोजाबाद) और आशू (मध्यप्रदेश) का रहने वाला है। पूछताछ में पता चला कि चोरी के बाद भागते समय उनकी स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई थी। क्षतिग्रस्त स्कूटी लेने जा रहे थे तभी पुलिस ने दबोच लिया। अजगैन कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि विशाल यादव बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। उस पर इटावा के कोतवाली और गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) के सेक्टर 39 थाने में चोरी, रंगदारी व आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।