बीघापुर। तहसील क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के निकट स्थित अग्निशमन केंद्र में तैनात सिपाही से मारपीट की शिकायत एसपी से की गई थी। इस पर केंद्र प्रभारी को निलंबित कर दिया है।
अग्निशमन केंद्र में तैनात सिपाही विशाल पटेल ने उच्चाधिकारियों पत्र भेजकर केंद्र प्रभारी की शिकायत की थी। उसने बताया कि केंद्र प्रभारी शैलेंद्र सिंह लंबे समय से उसका उत्पीड़न कर रहे हैं। सिपाही ने आरोप लगाया कि गर्मी के मौसम में उसे दूसरी मंजिल की बैरक में रहने को मजबूर किया गया। जबकि नीचे की बैरक खाली पड़ी है। इसके अलावा केंद्र प्रभारी पंप पर स्नान करने से मना करने अलावा ड्यूटी पर तैनात रहने के बावजूद भी जीडी में रपट दर्ज कर उसे मानसिक रूप से परेशान करते हैं। आरोप है कि 22 जून को वह अन्य साथियों के साथ बैठा था तभी अग्निशमन केंद्र इंचार्ज प्रभारी शैलेंद्र सिंह उसके माथे पर प्लास से हमला कर दिया जिससे उसका माथा फट गया। उन्होंने छाती और पीठ पर भी कई वार किए, साथियों ने किसी तरह उसे बचाया। सीएफओ अनूप सिंह ने बताया कि मामले में जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर एसपी जय प्रकाश सिंह ने अग्निशमन केंद्र प्रभारी शैलेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया है।