फोटो-17- मैन ऑफ द मैच रहे बलराम पांडेय को नगद पुरस्कार देते आयोजन समिति के पदाधिकारी। स्रोत: आ
चकलवंशी। आंट घुसौली गांव में चल रही जयघूसेश्वर बाबा क्रिकेट प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला शंकरपुर और अशोक शिवम इलेवन के बीच शुक्रवार को खेला गया। शंकरपुर टीम ने आठ रन से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली।
टॉस जीतकर अशोक शिवम इलेवन ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शंकरपुर की टीम ने 15.4 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 144 रन बनाए। 145 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अशोक शिवम इलेवन 15.5 ओवर में 136 रन पर ऑल आउट हो गई। इस तरह शंकरपुर टीम ने आठ रनों से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। शंकरपुर टीम की जीत के सूत्रधार बलराम पांडेय ने घातक गेंदबाजी करते हुए 31 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट झटके। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
फाइनल मुकाबला जैकी थाना व शंकरपुर टीमों के बीच 14 जून को खेला जाएगा। आयोजक समिति ने बताया कि विजेता टीम को बाइक और उपविजेता को एलसीडी टीवी के अलावा 25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा।