चकलवंशी। सिकंदरपुर सरोसी ब्लॉक के आंट-घुसौली गांव में चल रही जयघूसेश्वर बाबा क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को पांचवें दिन शंकरपुर इलेवन और मेजबान आंट-घुसौली टीम के बीच लीग मैच खेला गया। शंकरपुर इलेवन ने आठ विकेट से जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
टॉस जीतकर शंकरपुर इलेवन ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। शंकरपुर इलेवन की कसी गेंदबाजी से आंट-घुसौली की टीम 11 ओवर में 96 रन बनाकर ही आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शंकरपुर इलेवन की टीम ने मात्र सात ओवर में ही दो विकेट खोकर मैच अपने पाले में कर लिया। आठ विकेट से जीत दर्ज कर शंकरपुर इलेवन ने प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।
शंकरपुर टीम के गेंदबाज करन को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने मात्र 19 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके। मेजबान टीम के 12 वर्ष के बल्लेबाज प्रिंस राजपूत ने बेहतरीन पारी खेलकर दर्शकों का दिल जीत लिया। मैच के दौरान आयोजक समिति के वीरेंद्र कुमार, सुरेंद्र राजपूत, लवकुश राजपूत, राजू, सरवन सहित अन्य दर्शक मौजूद रहे।