फतेहपुर चौरासी। थाना क्षेत्र के बूचागाड़ा गांव में मंगलवार दोपहर लगी आग में आठ घरों की गृहस्थी जल गई। घटना में एक भैंस की भी झुलसने से मौत हो गई। क्षेत्रीय लेखपाल ने आग से हुई क्षति की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी है।
ग्राम पंचायत तालिबपुर रहली के मजरा बूचागाड़ा में मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे धनीराम के खेत में खड़ी बांस की कोठी में अचानक आग लग गई। ग्रामीण जबतक आग पर काबू पाते तब तक आग ने खेते के बगल में स्थित आठ घरों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में रामगोपाल के दो छप्पर एक तख्त, रमेश के छप्पर व घर का सामान, अनिल के बीस हजार रुपये सहित सारी गृहस्थी, मीरा के दस हजार रुपये सहित सारी गृहस्थी व एक भैंस जलकर मर गई।
आग से बीडीसी उमेश, प्रेम, रिंकू, मुकेश के भी छप्पर आदि घर का सामान जल गया। प्रधान राजनरायण ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा निजी साधनों से आग पर काबू पाने के बाद अग्निशमन दल पहुंचा। अग्निकांड में अनिल व मीरा का अधिक नुकसान हुआ है। घटना से करीब छह लाख रुपये की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है। क्षेत्रीय लेखपाल श्रीप्रकाश ने आग में हुई क्षति का आंकलन रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी है।