फोटो-20- आग की लपटों से घिरा ट्रक। स्रोत: पुलिस
बांगरमऊ। बिल्हौर मार्ग पर भुड्डा चौराहे के पास सोमवार की रात ट्रक में आग लग गई। ट्रक में लदा किराना, कपड़ा व अन्य सामान जल गया। चालक ने किसी तरह कूद कर अपनी जान बचाई। करीब 80 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
जनपद मैनपुरी के थाना किशनी क्षेत्र निवासी चालक विनूप चौहान ट्रक पर किराना समेत अन्य सामान लाद कर गाजियाबाद से बिहार जा रहा था। सोमवार रात करीब दो बजे कोतवाली क्षेत्र के भुड्डा चौराहे के पास ट्रक के पिछले हिस्से में आग लग गई। धुंआ और आग की लपटे देख चालक ने गाड़ी रोकी और कूदकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। चालक ने बताया कि आग से 80 लाख रुपये का किराना, कपड़ा समेत अन्य सामान जल गया। चालक ने टायर गर्म होने से आग लगने की आशंका जताई है। कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया आग बुझने के बाद ट्रक को किनारे करवा दिया गया है। ट्रक चालक ने तहरीर नहीं दी है।