फोटो-2-हरदोई मार्ग पर दोस्तीनगर में नहर पर बनाए गए पीपा पुल से निकलते हल्के वाहन। संवाद
चकलवंशी। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर दोस्तीनगर में निर्माणाधीन नहर पुल के पास पीपे का पुल तैयार हो गया है। इससे पांच टन तक के वाहन निकल सकेंगे। फिलहाल पुल आवागमन के लिए खोला नहीं गया है।
बिलग्राम-उन्नाव-प्रयागराज हाईवे पर दोस्तीनगर के पास शारदा नहर पर बने संकरे ब्रिटिश कालीन पुल के चलते अक्सर जाम लगता था। इस पुलिया को 12 मीटर चौड़ा और 25 मीटर लंबा करने की स्वीकृति मिलने पर पीडब्ल्यूडी ने एक माह पहले दोनों ओर वैकल्पिक रास्ता बना कर निर्माण शुरू कराया था। पांच मई को नहर में पानी आने से वैकल्पिक रास्ता बह गया जिससे आवागमन बंद हो गया। पीडब्ल्यूडी ने तीन बार वैकल्पिक रास्ता बनाया लेकिन पानी के तेज बहाव से रास्ता बह गया। इससे भारी वाहन 25 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाने के लिए मजबूर हैं जबकि छोटे वाहन पूरा निस्फपंसारी, पटियारा, रग्घाखेड़ा, राजेपुर पतारी, हिंदू खेड़ा की पुलिया से निकल रहे हैं। उन्हें भी करीब पांच किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है।
अब लोकनिर्माण विभाग ने नहर पर पीपे का पुल बनाकर वैकल्पिक रास्ता तैयार कर दिया है। हालांकि अभी इस पर आवागमन शुरू नहीं किया गया है। पीपे के पुल के ऊपर चारों ओर रस्सी बांध कर आवागमन बंद कर दिया है। उन्नाव की ओर बैरिकेडिंग लगाकर पैदल राहगीरों के आवागमन पर भी रोक लगा दी है।
पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता कमलेश कुमार ने बताया कि शाम तक पीपे के वैकल्पिक रास्ते से छोटे वाहनों का आवागमन शुरू कर दिया जाएगा। इससे पांच टन से कम भार के वाहन ही निकल सकेंगे। नहर का पानी कम हो रहा है जल्द ही पुलिया निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा।