अचलगंज। मंगेतर और युवती की खुदकुशी के मामले में पुलिस ने एक किशोर समेत दो को गिरफ्तार किया है। मंगेतर के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज की थी।
अचलगंज थाना क्षेत्र के गौरी त्रिभानपुर निवासी सूरज ने 16 अप्रैल को फंदा लगाकर जान दे दी थी। युवक की मौत के अगले दिन मंगेतर थाना क्षेत्र के ही राजापुर निवासी कोमल ने भी जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली थी। दोनों की गोदभराई 16 फरवरी को थी। नवंबर में शादी होनी थी। बेटे की मौत के बाद सूरज के पिता महेश लोधी ने पुलिस को तहरीर देकर तीन फोन नंबर देकर बेटे को फोन पर धमकाने, शादी तोड़ने के लिए आपत्तिजनक फोटो भेजने का आरोप लगाया था। पुलिस की सर्विलांस जांच में राजापुर निवासी आशीष गौतम और दही क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी किशोर को मामले में आरोपी पाया गया। इन दोनों के सूरज के फोन पर चैटिंग की पुष्टि हुई है।
एसओ बृजेश शुक्ला ने बताया कि सर्विलांस जांच से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एक को जेल भेज दिया गया है जबकि बाल अपचारी को संरक्षण में लेकर बाल सुधार गृह भेजा गया है।