नवाबगंज। ब्लाॅक सभागार में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। इसमें 75 ग्राम पंचायतों में करीब 80 विकास कार्यों के लिए लगभग 3.5 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पास हुए। इसके साथ ही योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
विधायक बृजेश रावत व जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह ने क्षेत्र में पूरे हो चुके 54 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। जन प्रतिनिधियों ने विकास कार्यों में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। ग्राम सचिव शिवदत्त तिवारी ने सदन के पिछली बैठक की कार्ययोजना और आय-व्यय का विवरण पढ़कर सुनाया। बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं बेहतर क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श हुआ। बैठक में ब्लॉक प्रमुख रोशनी रावत, प्रतिनिधि रवि प्रताप सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सिद्धार्थ श्रीवास्तव, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश मौर्या, बीएमएम अलका गुप्ता, आशीष पटेल और रीशू तिवारी सहित कई ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य व ब्लॉक कर्मचारी रहे।